अटल, अकाट्य, प्रबल संबंध
मेहनत से निःसृत जीवन में
इंद्रधनुष-सा अनुपम रंग
मेहनत है जीवन का दर्शन
महिमा इसकी अगम-अनंत
निरंतर मेहनत अपेक्षित, वांछित
मेहनत-किस्मत हरदम संग ।
मेहनतकश का श्रम ही संबल
लबरेज लबालब
आत्मबल
मेहनत से भाग्य
बदल सकता
प्रारब्ध मनुज
का ले करवट
कभी-कभी परिणाम
न मिलता
मानव-मन को
मन अनुकूल
मनन, आत्मचिंतन
आवश्यक
कर्म में निश्चित
कोई भूल ।
मेहनत-किस्मत, किस्मत मेहनत
सुमेल से सुरभित जन-जीवन
श्रम का फल न्यून-अधिक संभव
नियति-चक्र श्रम पर निर्भर
न संशय, न मतिभ्रम
आस्था-विश्वास संग करें कर्म
सकारात्मक सोच रखें हरदम
जीवन सुख-दुख का समंजन ।
लक्ष्योन्मुख होकर करें कार्य
डर का साहस से प्रतिकार
सबका वक्त बदलता है
मेहनत से स्वप्न करें साकार
निर्णय को कार्य में परिणत कर
किस्मत का खोलें स्वयं द्वार
आराम के क्षण को करें अल्प
मेहनत का कोई नहीं विकल्प ।।
