एकाक़ीपन का द्वंद्व
उद्वेलित अंतर्मन
थका-थका और व्यथित
अवसादित जनमन
आशा की एक किरण
एक ही विकल्प-आस
मनुज के हर मर्ज़ की
एक ही अचूक दवा
शहर की दवा से अच्छी
गाँव की शीतल हवा ।
शहर की संस्कृति
अपार्टमेंट में सिमटी
दूर के पड़ोसी
यंत्रवत ज़िन्दगी
सबकुछ उपलब्ध यहाँ
अपनत्व के सिवा
अमृत-सरीखी है
प्रकृति का अनुपम उपहार
महौषधि है रामवाण
गाँव की शीतल हवा ।
द्वेष भी, विद्वेष भी
आडंबर, आलाप भी
गाँव की ज़िन्दगी में
प्रतिस्पर्धा की आँच भी
इंसानियत जीवित फिर भी
सहयोग, सम्मान भी
कष्ट और विपत्ति में
न गिला, न शिकवा
शहर की दवा से अच्छी
गाँव की शीतल हवा ।
गगनचुंबी अट्टालिकाएँ
फ़्लाई ओवरों का जाल
चमकीली सड़कें हैं
हरित-भरित घिरे पार्क
खेतों की हरियाली कहाँ
विस्तृत अमराई नहीं
गीत गातीं ललनाएँ
दृष्टिगत जहाँ सदा
शहर की दवा से अच्छी
गाँव की शीतल हवा ।।

