स्व-अनुशासन आत्म-नियंत्रण
नियमित चर्या, समय पर काम
अनुशासन बिन निष्क्रिय जीवन
बिनु पतवार नौका समान
सुख-शांति वैभवमय जीवन
अनुशासन से मान-सम्मान
अनुशासित आचरण ही है
सफल जीवन का प्रथम सोपान।
प्रकृति नहीं करती उल्लंघन
अनुशासन की लक्ष्मण-रेखा
समय पर होता ऋतु-परिवर्तन
समय पर होती गर्मी-वर्षा
समयबद्ध सबकी दिनचर्या
सूर्य,चन्द्रमा या नक्षत्र
अनुशासन पर ही आधारित
पृथ्वी-नभ का जीवन-चक्र।
अनुशासन सफलता की कुंजी
छात्र-जीवन का मुख्य आधार
अनुशासन ही पुरोवाक् है
अध्यवसाय,कृषि,व्यापार
सेना में सर्वोपरि अनुशासन
अनुशासनहीनता है अभिशाप
अनुपम जीवन-दर्शन है यह
सफलता के खोले दस द्वार।
अनुशासन नियम-संयम है
नहीं यह बंधनों का अभाव
सामाजिक बंधन अंतर्गत
व्यवहार उचित, विवेक-विचार
स्वतः स्फूर्त है अनुशासन
इसका कोई नहीं विकल्प
महापर्व यह जीवन-भर का
अनुशासन का लें संकल्प।।






