Sunday, April 25, 2021

पुस्तक: जीवन पाथेय

 

एकाकीपन में बंधु-मित्रवत्

ज्ञानार्जन हेतु अमृत कोष

जीवन पथ-प्रदर्शक पुस्तकें

सृजनशीलता की हैं श्रोत

याददाश्त में वृद्धि सतत्

रचनात्मकता का करे विकास

आनंद का पर्याय पुस्तकें

बढ़े मनोबल, आत्मविश्वास ।

प्रकाश स्तंभ हैं पुस्तकें

ज्ञान का अनुपम भंडार

मानवीय गुणों का विकास करे

प्रशस्त करतीं प्रगति -मार्ग

अचेतन बनते हैं चेतन

प्राप्त हो सकते जीवन-ध्येय

जिज्ञासु की खुराक पुस्तकें

जीवन-पथ की हैं पाथेय ।  

अध्ययन की आदत से निश्चित

अज्ञानता का मिटे अंधकार

नैतिक गुणों के विकास संग-संग

व्यक्तित्व में आये स्वतः निखार

पुस्तकों का अध्ययन-अध्यापन

आत्मसंयम, परम संतोष

विद्या धन के व्यय करने से

परिमार्जित, वर्धित ज्ञान कोष ।

पढ़ने का शौक है अति उत्तम

पुस्तक की महिमा अनंत

अध्ययन से खुलते ज्ञानचक्षु

कौशल से जीते जीवन-जंग

पठन-पाठन की आदत अच्छी

अध्ययन है सत्संग तुल्य

शाश्वत संदेश जनमानस को

पुस्तक में संगृहीत जीवन-मूल्य।।

No comments:

Post a Comment