Wednesday, April 28, 2021

कोरोना को हराना है

विधि के विधान के आगे

नतमस्तक, बेबस, लाचार

निष्ठुर और निर्दयी कोरोना

लील रहा है घर-परिवार

मायूसी बदल रही मातम में

उजड़ रहा सुखी संसार

कभी-कभार जलती थीं लाशें

लंबी लगी है आज क़तार।

अस्पताल में आपाधापी

ऑक्सीज़न की पड़ती मार

अगले पल का कहना मुश्किल

किसकी बारी अबकी बार

घातक है कोरोना वाइरस

सर्वत्र मचा है हाहाकर

स्वयंसेवी संस्थाएँ सक्रिय

प्रयासरत है राज्य सरकार ।

संक्रमण की स्थिति है नाज़ुक

आक्रांत देश विश्व परिवार

कोरोना वाइरस से बचाव हेतु

टीकाकरण है अनिवार्य

जाँच, दवा संग आत्म-नियंत्रण

सामाजिक दूरी की दरकार

मास्क का प्रयोग करें निरंतर

अपनी सुरक्षा अपने हाथ ।

जीवंत जिजीविषा से

परिपूरित जनमानस

कोरोना को हराना है

सतर्क, सावधान रहकर

दृढ़ इच्छाशक्ति, हौसला

सम्बल है सहायक

जीत तो है निश्चित

प्रयास करें हम मिलकर ।।

Sunday, April 25, 2021

पुस्तक: जीवन पाथेय

 

एकाकीपन में बंधु-मित्रवत्

ज्ञानार्जन हेतु अमृत कोष

जीवन पथ-प्रदर्शक पुस्तकें

सृजनशीलता की हैं श्रोत

याददाश्त में वृद्धि सतत्

रचनात्मकता का करे विकास

आनंद का पर्याय पुस्तकें

बढ़े मनोबल, आत्मविश्वास ।

प्रकाश स्तंभ हैं पुस्तकें

ज्ञान का अनुपम भंडार

मानवीय गुणों का विकास करे

प्रशस्त करतीं प्रगति -मार्ग

अचेतन बनते हैं चेतन

प्राप्त हो सकते जीवन-ध्येय

जिज्ञासु की खुराक पुस्तकें

जीवन-पथ की हैं पाथेय ।  

अध्ययन की आदत से निश्चित

अज्ञानता का मिटे अंधकार

नैतिक गुणों के विकास संग-संग

व्यक्तित्व में आये स्वतः निखार

पुस्तकों का अध्ययन-अध्यापन

आत्मसंयम, परम संतोष

विद्या धन के व्यय करने से

परिमार्जित, वर्धित ज्ञान कोष ।

पढ़ने का शौक है अति उत्तम

पुस्तक की महिमा अनंत

अध्ययन से खुलते ज्ञानचक्षु

कौशल से जीते जीवन-जंग

पठन-पाठन की आदत अच्छी

अध्ययन है सत्संग तुल्य

शाश्वत संदेश जनमानस को

पुस्तक में संगृहीत जीवन-मूल्य।।

Wednesday, April 21, 2021

अंतर्द्वंद्व


असमंजस, विचलित अंतर्मन 

अनिर्णय, एकाग्रता भंग 

अकिंचन, अशांत मानव-मन 

कशमकश, चिंतन-मनन 

दिल-दिमाग में रहे द्वन्द्व  

जीवन में निश्चित अंतर्द्वंद्व । 

                  रिश्तों में खटास-गांठ 

                  तनाव, बेचैनी और अवसाद 

                 झुंझलाहट, आंतरिक झंझावात 

                अहर्निश जारी चक्रवात 

                एकाकीपन, खंडित स्वाभिमान 

                अंतर्द्वंद्व के घातक परिणाम । 

कथनी-करनी में बहुत फर्क 

खुद से भी बोले नहीं सत्य 

नकारात्मक सोच अवरोध करे 

सही निर्णय में बने बाधक 

सही विकल्प चयन मुश्किल 

मानव हो जाता भावशून्य । 

                अंतर्मन की आवाज सुनें 

                बदलाव-परिवर्तन अंगीकार 

                नकारात्मक सोच से रहें दूर 

                सकारात्मक हो सोच-विचार 

                सत्कर्म आधारित दिनचर्या 

                संतुलित जीवन का सदप्रयास ।

अंतर्द्वंद्व जीवन का अंश 

समस्याएं हैं अनगिन -अनंत 

संकल्प-शक्ति, आत्मविश्वास 

डर का साहस से प्रतिकार 

मानव करे अपना कर्तव्य 

वक्त के निर्णय का नहीं विकल्प ।। 


Friday, April 16, 2021

अमृत जल-सा जन-जीवन हो

 

जन-जीवन जल-सा हो निर्मल

जीवन में जल-सा उमंग हो

अविरल बहता जल-प्रवाह सा

जय-विद्युत-सा शक्तिमान हो

वारिधि-सा धीर-गम्भीर भाव

जीवन शीतल जल फुहार हो ।

               शीतल जल-सा हो मृदु स्वभाव

                जीवों के प्रति दया भाव हो

                जल के बिना असंभव जीवन

                जल-संरक्षण ध्येय मात्र हो

                चट्टानों से संघर्ष अनवरत

                लक्ष्य प्राप्ति का विजयी भाव हो ।

पारदर्शिता हो परिलक्षित

स्वच्छ और निर्मल चरित्र हो

जलयात्रा सम जीवन यात्रा

श्रमशक्ति मानव शृंगार हो .

जल पर ही आधारित जीवन

प्रकृति प्रेम जीवन आधार हो ।

            कल-कल जल, जीवन पर्याय हो

            कर्मगति सहर्ष स्वीकार्य हो

            नील धवल जल सा हो जीवन

            लेशमात्र नहीं द्वेशभाव हो

            प्रगति मार्ग पर सतत् अग्रसर

            अमृत जल सा जन-जीवन हो ।।

Friday, April 9, 2021

नारी घर-परिवार की नींव

 

घर-परिवार की योजक होती

धैर्य की होती है प्रतिमूर्ति

कार्य-व्यवहार से निपुण-दक्ष

सहयोग समन्वय की देती सीख

घर की लक्ष्मी होती नारी

नारी घर-परिवार की नींव ।

                   नारी की पूजा जिस घर में

                   रहती सुख-शान्ति, समृद्धि

                   श्रीवृध्दि होती है निश्चित

                   नकारात्मक शक्तियाँ रहती दूर

                   संस्कारों की जननी होती

                   नारी घर-परिवार की नींव ।

सीता और सावित्री होती

मैत्रेयी, मदालसा, गार्गी

सुर-वंदिता ज्ञान-बुद्धि की

शक्तिस्वरूपा अप्रतिम

परम मित्र होती है नारी

नारी घर-परिवार की नींव ।

                सकारात्मक परिणाम दृष्टिगोचर

                भागीदारी फिर भी न्यून

                समता मूलक लोकतंत्र में  

                नारी रखती दिव्यदृष्टि 

                नर-नारी प्रगति के पहिए

                मिलकर गाएँ जीवन गीत      

नारी नारायणी है सचमुच

नारी सशक्तिकरण है अभीष्ट

जीवन के सभी क्षेत्रों में

समान अवसर, समान नीति

प्राणवायु है समाज की

नारी देश की सुदृढ़ नींव ।।

 

 

Monday, April 5, 2021

एकाकीपन का दंश


दुखी, व्यथित, उद्वेलित मन 

अकिंचन, कटा-कटा जीवन 

सामाजिक कार्यों से मोह भंग 

दैनिक चर्या में नहीं तारतम्य

उत्साहहीन, निष्क्रिय, वीरान 

एकाकीपन की है पहचान । 

न हितैषी ना कोई मीत

कर्णप्रिय नहीं लगे संगीत

सशंकित चंचल मन भयभीत

निराशा, असहज, गमगीन

देह कई रोगों से ग्रस्त

एकाकी जीवन है अभिशप्त ।

स्वजन से नहीं रहता संपर्क

जीवन बन जाता है नर्क

बरबस आता रहता है ‌क्रोध 

नहीं सही-ग़लत का बोध

मन में आते तुच्छ विचार

एकाकीपन सचमुच है संताप ।

सुख-दुःख का संयोग है जीवन

कल क्या होगा न जाने जन

परिवर्तनशील, नश्वर जीवन में 

घातक एकाकीपन का दंश 

समय चक्र सार्वभौम सतत् 

संतुलित रहें  और स्थितप्रज्ञ । 

आस्था, विश्वास का दीप जलाकर 

जीवन में पाले कुछ शौक 

परोपकार के कार्यों में रत 

जीवन-चर्या हरदम व्यस्त 

एकाकीपन कथमपि  नहीं  स्वर्ग 

सामाजिकता का मार्ग करे प्रशस्त ।

पठन-पाठन, बागवानी, संगीत 

अध्यात्म, योग या प्राणायाम 

सकारात्मक सोच सहेजकर

जीवन को दें नव-आयाम 

खुशी की वजह खोजें जीवन में 

सुख-शांति, संयम का दे पैगाम ।।   


Tuesday, March 30, 2021

गीता: जीवनरेखा

योगेश्वर कृष्ण की वाणी

ज्ञान, कर्म और भक्ति का योग

भाग महाभारत के भीष्म पर्व का

व्यावहारिक मार्ग का उपदेश

उपनिषदों का सार है गीता

सर्वमान्य है ग्रंथ पवित्र

कृष्ण-अर्जुन संवाद के रूप में

वाचनामृत, है मानवमित्र ।

                     अठारह अध्यायों में है वर्णित

                     समाहित हैं सात सौ श्लोक

                     जीवन प्रबंधन, दार्शनिक दृष्टिकोण

                     निष्काम कर्म पर सम्यक् ज़ोर

                     धर्म-कर्म, यम-नियम की चर्चा

                     सृष्टि उत्पत्ति, जीव विकास

                     उपासना-प्रार्थना, मोक्ष, युद्ध

                     राजनीति, मैत्री, आचार-विचार । 

भगवान कृष्ण ने विवस्वान को

विवस्वान ने मनु को बतलाया

मनु ने इक्ष्वाकु को बतलाकर

जीवन का मर्म-रहस्य समझाया

अनिश्चय, हताशा की स्थिति में

गीता सचमुच है पथदर्शक

जटिल समस्यायों से अविचलित

मानव रह सकता स्थितप्रज्ञ ।

                   प्रथम अध्याय में है वर्णित

                   अर्जुन के हृदय का क्लेश-विषाद

                   द्वितीय और तृतीय अध्याय में

                   सांख्य योग, कर्मयोग सविस्तार

                   ज्ञान, कर्म, सन्यास योग का

                   विश्लेषण चतुर्थ-पंचम अध्याय

                   आत्मसंयम, ज्ञान-विज्ञान योग से

                   परिपूरित षष्ठ-सप्तम अध्याय ।

अष्टम में अक्षर ब्रह्मयोग का वर्णन

नवम राज विद्याराज गुह्ययोग

दसम-एकादशम में पाते हैं

विभूति विश्वरूप दर्शन योग

द्वादश में भक्ति योग है वर्णित

त्रयोदश क्षेत्र क्षेत्रज्ञ विचार

गुणत्रय विचार योग चतुर्दश में

पंचदश का पुरुषोत्तम योग आधार।

                         षोडश-सप्तदस अध्याय में क्रमशः

                         देवासुर संपति श्रद्धात्रय विभाग

                         गीता-सार अंतिम अध्याय में

                         मोक्ष संन्यास योग है अभिप्राय

                         श्रीमद्भगवद्गीता का पठन-अनुशरण

                         अंत: करण करता है शुद्ध

                         जीवन की चिंता, मोहमाया से

                         मानव को मिलती है मुक्ति ।

ज्ञानरूपी प्रकाश है सचमुच

कर्तव्यज्ञान का अनुपम श्रोत

जीवन के मार्गदर्शी सिद्धान्तों से

समस्तग्रंथ है ओतप्रोत

गीता नहीं है ग्रंथमात्र

यह तो है जीवन रेखा

मानव तो निमित्त-मात्र है

कर्म करें, नहीं फल की चिंता।।