एकाकीपन में बंधु-मित्रवत्
ज्ञानार्जन हेतु
अमृत कोष
जीवन पथ-प्रदर्शक
पुस्तकें
सृजनशीलता की
हैं श्रोत
याददाश्त में
वृद्धि सतत्
रचनात्मकता का
करे विकास
आनंद का पर्याय
पुस्तकें
बढ़े मनोबल, आत्मविश्वास ।
प्रकाश स्तंभ हैं पुस्तकें
ज्ञान का अनुपम भंडार
मानवीय गुणों का विकास करे
प्रशस्त करतीं प्रगति -मार्ग
अचेतन बनते हैं चेतन
प्राप्त हो सकते जीवन-ध्येय
जिज्ञासु की खुराक पुस्तकें
जीवन-पथ की हैं पाथेय ।
अध्ययन की आदत
से निश्चित
अज्ञानता का मिटे
अंधकार
नैतिक गुणों के विकास
संग-संग
व्यक्तित्व में आये
स्वतः निखार
पुस्तकों का
अध्ययन-अध्यापन
आत्मसंयम, परम संतोष
विद्या धन के व्यय
करने से
परिमार्जित, वर्धित ज्ञान कोष ।
पढ़ने का शौक है अति उत्तम
पुस्तक की महिमा अनंत
अध्ययन से खुलते ज्ञानचक्षु
कौशल से जीते जीवन-जंग
पठन-पाठन की आदत अच्छी
अध्ययन है सत्संग तुल्य
शाश्वत संदेश जनमानस को
पुस्तक में संगृहीत जीवन-मूल्य।।
